Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / पीजी कालेज गाजीपुर में “हिंदी नवगीत परंपरा और पूर्वांचल के नवगीतकार” विषय पर देश के दिग्‍गजों ने किया मंथन

पीजी कालेज गाजीपुर में “हिंदी नवगीत परंपरा और पूर्वांचल के नवगीतकार” विषय पर देश के दिग्‍गजों ने किया मंथन

गाजीपुर। केंद्रीय हिंदी निदेशालय, भारत सरकार और स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में “हिंदी नवगीत परंपरा और पूर्वांचल के नवगीतकार” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का दूसरा दिन देश भर से आए विविध विद्वानों, कवियों और समालोचकों के मंथन, चिन्तन और व्याख्यान से सम्पन्न हुआ। महाविद्यालय के सचिव/प्रबंधक एवं उत्तर प्रदेश के अपर महाधिवक्ता अजीत कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदी साहित्य में नवगीत विधा का विशिष्ट स्थान है। नवगीत भारतीय समाज की संवेदनाओं, सांस्कृतिक मूल्यों, लोकजीवन और समकालीन परिस्थितियों का सशक्त अभिव्यक्ति माध्यम है। उन्होंने केन्द्रीय हिंदी निदेशालय का कार्डिक आभार व्यक्त किया संगोष्ठी में प्रतिभाग करने वाले विद्वानों, साहित्यकारों, शोधार्थियों एवं आयोजन समिति को शुभकामनाएं प्रदान कर महाविद्यालय भविष्य में भी साहित्य, शिक्षा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के शोध, संरक्षण और संवर्धन हेतु ऐसे अकादमिक आयोजनों को प्रोत्साहित करता रहेगा। पूर्वांचल की धरती साहित्यिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध रही है। यहां के नवगीतकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से हिंदी साहित्य को नई दिशा और पहचान प्रदान की है। ऐसी राष्ट्रीय संगोष्ठियां साहित्यिक विमर्श को समृद्ध करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। प्रथम सत्र के मुख्य वक्ता डॉ बुद्धिनाथ मिश्र नवगीत दशक 3 में संकलित एक सशक्त हस्ताक्षर हैं और अनेक राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित साहित्यकार हैं। उन्होंने कहा कि, पिंगल शास्त्र में लगभग डेढ़ लाख छंद हैं और विश्व के सभी प्रमुख छन्दोबद्ध काव्य साहित्य के छंद भारत से ही निकले हैं। अकादमिक जगत के लोगों को नवगीत परंपरा को गंभीरता से पढ़ने की जरूरत है। प्रथम सत्र के अध्यक्ष मिर्जापुर के वरिष्ठ नवगीतकार गणेश गंभीर ने कहा कि, इसके अस्थि वा ऋक्। प्राणो वै स्वरः। मंत्र की ऋचा उसका शरीर है और स्वर उसमें प्राण का संचार करता है। नवगीत के 3 आधारभूत गुण हैं, बिम्बधर्मिता, अन्विति  और संक्षिप्ति। लय नवगीत का शील है, शासक नहीं। कविता की अवहेलना करता समाज आत्महत्या करता है और नवगीत इसी आत्महत्या के विरोध में है। नवगीत भारतीय काव्य चिंतन परम्परा का सातत्य और भारतीय काव्य के अनुरक्षण का प्रयत्न है। बीज वक्तव्य देते हुए इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर भूरेलाल ने कहा कि, कविता और साहित्य रचना एक गंभीर साहित्यिक कर्म है। नवगीत अपने भीतर से एक बड़ा आलोचक नहीं खड़ा कर सका, और मनुष्य की एक मुकम्मल परिभाषा नहीं गढ़ सका। कोई आंदोलन वाह्य विरोध से नहीं बल्कि अंदरूनी कमजोरी से समाप्त होता है। मिर्जापुर से आए प्रोफेसर भुवनेश्वर दुबे ने कहा कि, नवगीत भारतीय मिठास है और यह मिठास परिवर्तित ताज़गी के रूप में मनोकूल होता है। नवगीत में भारतीयता का आग्रह, पर्यावरण चेतना, जीवन विमर्श, जीवन जीने की कला का सूत्र तथा जीवन के मिठास को व्यक्त करने में सक्षमता है। बलिया से आए प्राचार्य डॉ संतोष कुमार सिंह ने कहा कि, नवगीत अपनी सहज संप्रेषणीयता के कारण भारतीय जनमानस में रची बसी काव्य विधा है। समकालीन जनजीवन की विसंगतियाँ , पारिवारिक जीवन के विविध मधुर व तिक्त संदर्भ नवगीतों में अभिव्यक्त हुए हैं। लेखक समालोचक माधव कृष्ण ने स्थानीय विषय विशेषज्ञ के रूप में कहा कि, इन प्रश्नों पर विचार करने की जरूरत है कि आखिर नवगीत जैसी सशक्त काव्य विधा को आंदोलन के रूप में खड़ा करने की आवश्यकता क्यों पड़ी? नवगीत की परम्परा का मूल्यांकन करने के बाद वह आलोचना विकसित होती है जो साहित्य के चारों आयामों कथ्य, शिल्प, काल और दृष्टिकोण में आ रहे परिवर्तनों को आत्मसात कर सहित की धारा मोड़ती है और मनुष्य के निकट पहुँचती है। प्रथम तकनीकी सत्र का संचालन स्वामी सहजानन्द सरस्वती महाविद्यालय के हिंदी आचार्य डॉ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव अनंग ने किया। संगोष्ठी में देश भर के शिक्षक, शोधार्थी, साहित्यप्रेमी और विद्वान आए।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा-08 एवं 09 में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला गाजीपुर के निर्देशानुसार अवगत कराना है कि उ०प्र० भवन एवं अन्य …