गाजीपुर। शहीद स्मारक इंटर कॉलेज नंदगंज में गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर “संविधान संवाद” कार्यक्रम के अंतर्गत “एक स्वर, एक संविधान” अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रार्थना सभा से हुआ। इस दौरान विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं, अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं कर्मचारियों ने एक स्वर में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया तथा संविधान के प्रति निष्ठा रखने का संकल्प लिया। साथ ही विद्यार्थियों को संविधान में निहित मौलिक कर्तव्यों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। इसके उपरांत विद्यालय में संविधान विषय पर प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, प्रस्तावना तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के नोडल शिक्षक गिरीश चौबे रहे, जिनके कुशल निर्देशन में संपूर्ण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। क्विज प्रतियोगिता में कक्षा 11-बी की आकांक्षा विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। वहीं कक्षा 9-ए की रिया गोंड ने द्वितीय तथा कक्षा 9-डी के अमित कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता छात्र-छात्राओं को प्रधानाचार्य उदयराज द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में हरिश्चंद्र राम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा सभी अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..