Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / भाजपा ने संविधान दिवस को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाया

भाजपा ने संविधान दिवस को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाया

गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी ने जिला कार्यालय छावनी लाइन पर गुरुवार को 12वें संविधान दिवस को जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में विचारगोष्ठी आयोजित  कर संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाया की गया। इसमें संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में संविधान की भूमिका पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा, राष्ट्रीय एकता का आधार और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का संरक्षक है। संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय संप्रभुता का जीवंत आधार है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी महान सदस्यों ने व्यापक विचार-विमर्श और दूरदर्शिता के साथ इसकी रचना की। हमें संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। संविधान के प्रति सम्मान और उसके मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि भारतीय संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान किए हैं। संविधान में महिलाओं के अधिकारों, सामाजिक न्याय और समानता की जो व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, वह समावेशी एवं सशक्त भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार संविधान की भावना के अनुरूप गरीबों, वंचितों, शोषितों, महिलाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संविधान के अधिकारों के साथ नागरिकों को अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में  कहा कि भारतीय संविधान हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और अखंडता का आधार स्तंभ है। संविधान ने विविधताओं से परिपूर्ण भारत को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया है। भाजपा सदैव संविधान की मर्यादा, उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत का निर्णय लिया गया, ताकि देश की नई पीढ़ी संविधान निर्माण की गौरवशाली यात्रा, उसके निर्माताओं के योगदान तथा नागरिक कर्तव्यों से परिचित हो सके। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना और उसके आदर्शों का पालन करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं के 4030 चयनित स्थानों पर डा भीमराव अंबेडकर के प्रतिमाओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं संरक्षित करने का निर्णय लेते हुए उसमें प्रत्येक के लिए 10 लाख रुपए की व्यवस्था की है। इससे पूर्व जिला कार्यालय सभागार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। चारगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य केवल एक दिवस विशेष का आयोजन नहीं, बल्कि संवैधानिक चेतना को जन-जन तक पहुंचाना, लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करना तथा प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना है। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र राय, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, कालीचरन राजभर, क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर, सुशीला सोनकर, रामराज बनवासी, रामनरेश कुशवाहा, रमेश सिंह पप्पू, अमित सिद्धार्थ, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, गर्वजीत सिंह, शनि चौरसिया, माया सिंह, धनंजय चौबे, वीरेंद्र चौहान, संकठा प्रसाद मिश्र, संतोष जायसवाल,विश्व प्रकाश अकेला, अविनाश सिंह,शीला सोनकर, अशोक गोंड, सुरेश बिंद, सुमन बिंद, पुनवासी राम, सुभाष राम,सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सुधाकर कुशवाहा ने किया।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

कृषि यंत्रों के अनुदान के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरु   

गाजीपुर। कृषि विभाग द्वारा संचालित प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाईजेशन फॉर ईन-सीट्र मैनेजमेन्ट ऑफ क्राप रेज्डियू …