गाजीपुर। तकनीकी शिक्षा एवं शोध संस्थान (TERI) पी.जी. कॉलेज, गाजीपुर में खेल पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री देवी प्रसाद, जिला क्रीड़ा अधिकारी, गाजीपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. अजीत प्रताप सिंह गौतम ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। क्रिकेट, बैडमिंटन,दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य अतिथि श्री देवी प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं संघर्ष करने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के निदेशक डॉ. अजीत प्रताप सिंह गौतम ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिभा के साथ-साथ उनकी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि खेलों में सहभागिता विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, समर्पण और लक्ष्य प्राप्ति की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित प्रताप द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में संयोजक डॉ. आरिफ सुल्तान, डॉ. दुर्गेश कुमार सिंह, कमला प्रसाद गुप्ता, नीतू सिंह, नेहा त्रिपाठी, संतोष कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..