गाजीपुर। फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग के बगल में स्थित स्व. कमलेश सिंह प्रधान के मकान पर रविवार की सुबह प्रशासन का बुलडोजर चला। जिसमे प्रशासन ने करोड़ों के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस संदर्भ में एसडीएम सदर ने पूर्वांचल न्यूज डाट काम को बताया कि मकान के अवैध निर्माण को लेकर काफी लंबे समय से मुकदमा चल रहा था। चार मई 2022 को अदालत के फैसले के बाद उन्हे मकान के निर्माण को गिराने का कई बार नोटिस दिया गया। आज उसी के क्रम में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया है। सूत्रों के अनुसार स्व. कमलेश सिंह माफिया मुख्तार अंसारी गैंग के सूचीबद्ध सदस्य थे। योगी सरकार द्वारा माफियाओं को मिट्टी में मिलाने के फैसले के बाद इस तरह की कार्रवाई हुई है। ध्वस्तीकरण के कार्यवाही का आभास शनिवार की शाम को सभी को लग गया था। सूचना विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति में भी ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया का उल्लेख किया गया था। जिससे लोगों को पता चल गया था कि कमलेश सिंह के मकान पर भी बुलडोजर चलेगा। आज सुबह 6 बजे से ही करीब आधा दर्जन बुलडोलर मकान को ध्वस्त करने में लग गये। एसडीएम सदर और सीओ सिटी, शहर कोतवाल समेत सैकड़ों पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगे थे। इस घटनाक्रम को देखने के लिए बड़ी तादात में आसपास की जनता मौजूद थी। सभी लोगों के जुबान पर सीएम योगी के चर्चे थे।
