गाजीपुर। नगर पंचायत जंगीपुर के वार्ड नंबर छह स्थित दानिश मेमोरियल पब्लिक स्कूल, सरस्वती नगर में शनिवार सुबह बिजली के तार की चपेट में आने से कक्षा तीन के छात्र उत्कर्ष गुप्ता की मौत हो गई थी। रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त कर परिजनों को ढांढस बंधाया। उत्कर्ष नगर निवासी दिलीप गुप्ता का पुत्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन भी है। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब आठ बजे बिजली के खंभे से टूटकर तार स्कूल परिसर में गिर गया था। इसकी चपेट में आने से उत्कर्ष गंभीर रूप से झुलस गया। स्कूल संचालक उसे उपचार के लिए गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि घटना बेहद दुखद है। जांच में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता दिलाने के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर लालजी गुप्ता, सत्यनारायण गुप्ता, सभासद राजू चौरसिया, सभासद कमलेश कुशवाहा, पवनसुत गुप्ता और अभिनव जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..