गाजीपुर। गोरखपुर के सहजनवां स्थित मुरारी इंटरमीडिएट कॉलेज में 2 से 7 अक्टूबर तक माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी, गैबिपुर (गाजीपुर) में प्रशिक्षित बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीतकर जनपद गाजीपुर एवं वाराणसी मंडल का गौरव बढ़ाया।प्रतियोगिता में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी की तीन बालिका खिलाड़ियों ने वाराणसी मंडल की अंडर-17 बालिका टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।अंडर-17 बालिका 42 किग्रा भार वर्ग में नब्या यादव ने फाइनल मुकाबले में आगरा मंडल की प्राची को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। इसी प्रकार 44 किग्रा भार वर्ग में तेजश्विनी प्रजापति ने फाइनल में लखनऊ की प्राची मौर्या को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 68 किग्रा भार वर्ग में आयुषी सिंह ने फाइनल मुकाबले में अयोध्या की पलक तिवारी को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।वाराणसी मंडल की अंडर-17 बालिका टीम ने प्रतियोगिता में कुल 6 स्वर्ण पदक जीते। इनमें जौनपुर, वाराणसी एवं चंदौली के खिलाड़ियों ने एक-एक स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी, गाजीपुर की खिलाड़ियों ने अकेले तीन स्वर्ण पदक जीतकर मंडल के कुल स्वर्ण पदकों में आधा योगदान दिया।इस शानदार उपलब्धि पर गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने तीनों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग तथा कोच विशाल कुमार के मार्गदर्शन को दिया।अमित कुमार सिंह ने कहा कि 5 अक्टूबर से प्रतियोगिता में बालक वर्ग के मुकाबले शुरू होंगे। गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के बालक खिलाड़ी भी पूरी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं और उम्मीद है कि वे भी अपने-अपने आयु एवं भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल करते हुए एकेडमी, गाजीपुर एवं वाराणसी मंडल का नाम पूरे प्रदेश में रोशन करेंगे।उन्होंने कहा कि विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी का गौरवपूर्ण एवं स्वर्णिम इतिहास रहा है। एकेडमी में प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने जिला, मंडल एवं प्रदेश स्तर के साथ-साथ एस.जी.एफ.आई. की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी स्वर्ण सहित अनेक पदक हासिल कर उत्तर प्रदेश विद्यालयी खेल टीम का नाम गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों की उपलब्धियों के चलते शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न अवसरों पर एकेडमी में प्रशिक्षित खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता रहा है।उन्होंने कहा कि बालक एवं बालिका टीम के प्रतियोगिता से वापस लौटने पर गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में सभी खिलाड़ियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..