Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / बिजली चोरी के खिलाफ नूरुद्दीनपूरा में बिजली विभाग का छापा, मचा हड़कंप, 6 के खिलाफ एफआईआर दर्ज

बिजली चोरी के खिलाफ नूरुद्दीनपूरा में बिजली विभाग का छापा, मचा हड़कंप, 6 के खिलाफ एफआईआर दर्ज

गाजीपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग का शिकंजा कसता जा रहा है। नगर के नूरुद्दीनपूरा और जुड़नशहीद मोहल्ले में गुरुवार को बिजली विभाग की विशेष चेकिंग से हड़कंप मच गया। नगर एक्सईएन गोपाल सिंह और टाउन एसडीओ मुन्नीलाल गुप्ता के नेतृत्व में पहुंची टीम ने घरों और दुकानों में विद्युत मीटरों की जांच की। इस दौरान मीटर बाईपास कर सीधे बिजली का उपभोग करते पाए गए दर्जनों कनेक्शन पकड़े गए। विद्युत चोरी के मामले में छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। विद्युत उपकेंद्र रौजा से निर्गत टाउन-2 फीडर पर लंबे समय से बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार फीडर रेड जोन में शामिल है और यहां विद्युत चोरी के कारण लाइन लॉस लगातार बढ़ रहा है। इतना ही नहीं, फीडर पर ट्रांसफार्मर जलने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। बढ़ते लाइन लॉस और राजस्व क्षति को देखते हुए नगर एक्सईएन गोपाल सिंह ने जिलाधिकारी की अनुमति से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान टीम ने कई परिसरों में विद्युत मीटरों की जांच की। कई जगह मीटर को बाईपास कर सीधे बिजली का उपभोग किए जाने के मामले सामने आए। विभागीय टीम ने बाईपास केबल काटकर विद्युत चोरी पर रोक लगाई और आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराया। चोरी करते पाए गए उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई। बिजली विभाग की टीम जैसे ही मोहल्ले में पहुंची, कार्रवाई को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। वहीं कुछ लोग अपने परिसरों में ताला लगाकर मौके से गायब हो गए। विभागीय कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी रही। नगर एक्सईएन गोपाल सिंह ने बिजली चोरी के मामलों में कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान विद्युत चोरी के छह मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिजली चोरी से विभाग को राजस्व की भारी क्षति होती है। इसके अलावा फीडर का लाइन लॉस बढ़ने से विद्युत व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का उपभोग वैध कनेक्शन और निर्धारित नियमों के तहत ही करें। मीटर से छेड़छाड़ या बाईपास कनेक्शन पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चेकिंग टीम में नगर एसडीओ मुन्नीलाल गुप्ता, अवर अभियंता रौजा सहेंद्र सिंह, अवर अभियंता मनोज सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल चंद्रशेखर राय, मनोज कुशवाहा, लाइनमैन नईम अहमद सहित विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और समस्त संविदा लाइनमैन मौजूद रहे।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

विधानसभा चुनाव 2027: सदर विधानसभा में बसपा ने बिंद का नाम आगे कर सपा-भाजपा में मचाई खलबली

शिवकुमार गाजीपुर। विधानसभा चुनाव 2027 जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, राजनीतिक दलों में प्रत्‍याशी के …