गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए शनिवार को गाजीपुर के महुआबाग स्थित कान्हा हवेली में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भारी जनसमूह उमड़ा। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ नेता अरुण कुमार सिंह की ओर से किया गया, जिसमें विभिन्न जाति-धर्म के लोगों, ग्राम प्रधानों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में व्यापारी बंधुओं ने पहुंचकर दिवंगत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम स्थल कान्हा हवेली समर्थकों और श्रद्धालुओं से पूरी तरह भरा रहा। सभा में व्यापारियों की बड़ी भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। शहर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारी बंधुओं ने भी मुख्यमंत्री की माता के प्रति अपनी श्रद्धा और संवेदना व्यक्त की। आयोजन में सर्वसमाज की सहभागिता ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर अरुण कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि धन्य हैं ऐसी मां, जिन्होंने योगी आदित्यनाथ जैसे साहसी, दृढ़ संकल्पित और प्रदेश की सेवा में समर्पित व्यक्तित्व को जन्म दिया। अपने पुराने संघर्षों का उल्लेख करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि सपा और बसपा सरकारों के कार्यकाल में जिले में बिजली की समस्या, अपराधियों का आतंक, व्यापारियों के साथ लूटपाट और हत्या जैसी घटनाएं आम चिंता का विषय थीं। उस समय जनता और व्यापारी समाज की आवाज उठाने के लिए उन्हें सड़क पर उतरकर आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करना पड़ता था। जनहित में संघर्ष करने के दौरान उनके ऊपर दर्जनों मुकदमे दर्ज हुए। उन्होंने कहा कि आज योगी सरकार में कानून-व्यवस्था की स्थिति में बदलाव आया है। अपराधियों और माफियाओं में कानून का भय है, गांव-गांव तक बिजली पहुंच रही है और लोगों को पहले जैसी समस्याओं के लिए आंदोलन करने की जरूरत नहीं पड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने और अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व महत्वपूर्ण रहा है। अरुण कुमार सिंह ने भावुक होकर कहा कि आज प्रदेश में जो बदलाव देखने को मिल रहा है, उसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के प्रति भी सम्मान व्यक्त करना स्वाभाविक है। ऐसी महान मां को नमन, जिन्होंने उत्तर प्रदेश को ऐसा नेतृत्व दिया, जो प्रदेश की जनता के हित, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने दिवंगत माता को नमन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..