गाजीपुर। सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज एवं सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल, गाज़ीपुर के समस्त प्रबंधन, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माता जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दुखद अवसर पर सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल परिसर में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। श्रद्धांजलि सभा का आयोजन सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक प्रो. डॉ. सानंद सिंह जी, विद्यालय की प्रबंधक डॉ. प्रीति सिंह जी के निर्देशन में विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रसेन तिवारी जी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक प्रो. डॉ. सानंद सिंह जी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “माता केवल एक परिवार की आधारशिला नहीं होतीं, बल्कि वे अपने संस्कारों और मूल्यों से समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्व का निर्माण करती हैं। वह एक गौरवान्वित माता थीं, जिन्होंने ऐसे नेतृत्वकर्ता को जन्म दिया, जो ईमानदारी, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा सदैव जनता के लिए उपलब्ध रहने का प्रयास करते हैं।” उन्होंने कहा कि माता जी के दिए संस्कार और उनके जीवन-मूल्य सदैव प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। विद्यालय की प्रबंधक डॉ. प्रीति सिंह जी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि “माँ का जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। इस कठिन एवं दुःखद घड़ी में सत्यदेव परिवार पूरी संवेदना के साथ शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। हम ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।” प्रधानाचार्य चंद्रसेन तिवारी जी ने कहा कि “माता जी का स्नेह, त्याग और संस्कार सदैव स्मरणीय रहेंगे। वह सिर्फ आदरणीय मुख्यमंत्री जी की माता जी नहीं थी बल्कि वह संपूर्ण मानवता की पोषक भी थी जिन्होंने ऐसे आदर्श पुत्र को जन्म दिया जो पूरी मानवता की रक्षा के लिए अनवरत और अहर्निस तत्पर रहते हैं । उनके निधन से उत्पन्न शोक की इस घड़ी में विद्यालय परिवार की ओर से हम अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को धैर्य और संबल दें।” श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने अत्यंत भावुक एवं शांत वातावरण में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान समस्त सत्यदेव परिवार के सदस्यों ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी एकजुटता और संवेदना व्यक्त की। शोक सभा में सत्यदेव ग्रुप आफ कॉलेजेस के काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, रेजिडेंट डायरेक्टर अमित रघुवंशी, समस्त प्राचार्यगण, आवेश कुमार ,अमित सिंह ,प्रतिमा कुशवाहा समेत सभी शिक्षक गण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी गण तथा समस्त विद्यार्थी गण उपस्थित रहे।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..