गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026-27 को सुचारु, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराये जाने हेतु आज दिनांक 13.11.2026 को जिला पंचायत सभागार, गाजीपुर में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 375-गाजीपुर के समस्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को उपजिलाधिकारी सदर/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, गाजीपुर द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य दिनांक 17.11.2026 से 16.12.2026 तक संचालित किया जायेगा। इस अवधि में समस्त बीएलओ अपने आवंटित मतदान क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करेंगे। प्रशिक्षण में बीएलओ को निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष रूप से निर्देशित किया गया जिसमें दिनांक 01.01.2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र व्यक्तियों तथा किसी कारणवश निर्वाचक नामावली में सम्मिलित होने से वंचित पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने हेतु फार्मदृ6 भरवाया जाये। मृतक, स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानान्तरित तथा डुप्लीकेट प्रविष्टियों वाले मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाये। निर्वाचक नामावली में मतदाताओं के नाम, आयु, लिंग, पता एवं अन्य विवरणों में त्रुटि पाये जाने पर सम्बन्धित मतदाता से फार्मदृ8 भरवाकर संशोधन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। वृद्धजन, दिव्यांगजन एवं अन्य पात्र व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखते हुए उनका नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराना सुनिश्चित किया जाये। समस्त बीएलओ अपने मतदान क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का गहन परीक्षण करते हुए किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न दें तथा अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों के सम्बन्ध में नियमानुसार कार्यवाही करें। बीएलओ ऐप पर सत्यापन सम्बन्धी समस्त सूचनाओं की समयबद्ध एवं शुद्ध फीडिंग सुनिश्चित की जाये तथा प्राप्त आवेदन पत्रों को निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन अपलोड किया जाये। निर्वाचक नामावली को सार्वजनिक स्थानों पर पढ़कर सुनाने तथा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए आवश्यक कार्यक्रम आयोजित किये जायें। समस्त बीएलओ अपने कार्यों की दैनिक प्रगति से सम्बन्धित सुपरवाइजर को अवगत करायेंगे। सुपरवाइजर द्वारा घर-घर सत्यापन, प्राप्त फार्मों एवं ऑनलाइन फीडिंग की नियमित समीक्षा की जायेगी। उपजिलाधिकारी सदर/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, गाजीपुर द्वारा प्रशिक्षण के दौरान स्पष्ट निर्देश दिये गये कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी। सभी बीएलओ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत सत्यापन का कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें। साथ ही निर्देशित किया गया कि निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य में पूर्ण निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बरती जाये तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित होने से वंचित न रहने पाये।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..