गाजीपुर। साहित्य की दुनिया में कुछ उपलब्धियाँ केवल व्यक्ति की प्रतिष्ठा नहीं बढ़ातीं, बल्कि उसकी दीर्घ साधना, सृजनात्मक प्रतिबद्धता और सांस्कृतिक चेतना का सम्मान बन जाती हैं। गाजीपुर की माटी से जुड़े प्रख्यात साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. आनन्द कुमार सिंह की उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान के कार्यकारी पूर्णकालीन अध्यक्ष पद पर नियुक्ति ऐसी ही एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। यह नियुक्ति उनके अकादमिक अवदान, साहित्यिक व्यक्तित्व और हिन्दी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का महत्त्वपूर्ण स्वीकार है। डॉ. आनन्द कुमार सिंह का व्यक्तित्व अध्यापन, अनुसंधान, आलोचना और सृजन के विविध आयामों से समृद्ध है। दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से स्नातकोत्तर शिक्षा, वर्ष 1990 में नेट एवं जेआरएफ तथा इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वर्ष 1998 में पी-एच.डी. की उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों में अध्यापन का दायित्व निभाया। भोपाल के इंस्टीट्यूट फॉर एक्सीलेंस इन हायर एजुकेशन में हिन्दी के प्रोफेसर के रूप में उनकी शैक्षणिक सेवाएँ विशेष उल्लेखनीय हैं। उनकी साहित्यिक पहचान का सर्वाधिक विशिष्ट पक्ष महाकाव्य लेखन है। ‘अथर्वा : मैं वही वन हूँ’ उनका महत्त्वपूर्ण महाकाव्य है, जिसके सृजन में उन्होंने लगभग छब्बीस वर्षों की दीर्घ साधना की। किसी महाकाव्य के लिए जीवन का इतना बड़ा कालखंड समर्पित करना रचनाकार की धैर्यशीलता, वैचारिक गहराई और सृजनात्मक निष्ठा का परिचायक है। इस कृति के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान का प्रतिष्ठित तुलसी पुरस्कार प्राप्त हुआ। कविता, आलोचना, अनुवाद और भारतीय संस्कृति से जुड़े विषयों पर उनका कार्य उनके बहुआयामी साहित्यिक व्यक्तित्व को रेखांकित करता है। विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं से प्राप्त सम्मान तथा मॉरीशस में विश्व हिन्दी से जुड़ी गतिविधियों में उनकी सहभागिता उनके साहित्यिक अवदान का विस्तार प्रस्तुत करती है। यहाँ एक बात विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि साहित्यकार की उपलब्धि जब संस्थागत दायित्व में बदलती है, तब उसकी प्रतिभा के साथ उसकी दृष्टि और उदारता की भी परीक्षा होती है। उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान केवल एक सरकारी संस्था नहीं, बल्कि हिन्दी भाषा और साहित्य की प्रतिष्ठा, संरक्षण और संवर्धन का महत्त्वपूर्ण केन्द्र है। इसके कार्यकारी पूर्णकालीन अध्यक्ष के रूप में डॉ. आनन्द कुमार सिंह के सामने अब व्यक्तिगत सृजन-साधना से आगे बढ़कर सम्पूर्ण हिन्दी साहित्य की विविधवर्णी परम्परा को सम्मानित और समृद्ध करने का अवसर है। उनसे अपेक्षा होगी कि साहित्य की सभी विधाओं को समुचित प्रतिनिधित्व मिले, नवोदित रचनाकारों को प्रोत्साहन प्राप्त हो, वरिष्ठ साहित्यकारों का सम्मान सुरक्षित रहे और पुरस्कारों, प्रकाशनों तथा साहित्यिक आयोजनों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता की नई मिसाल स्थापित हो। गाजीपुर की धरती के लिए यह उपलब्धि निश्चित रूप से गौरव का विषय है। किन्तु इस उपलब्धि का वास्तविक अर्थ इससे कहीं व्यापक है। एक महाकाव्यकार को हिन्दी संस्थान का नेतृत्व मिलना साहित्य की उस परम्परा का सम्मान है, जिसमें सृजन को साधना और भाषा को संस्कृति की आत्मा माना गया है। छब्बीस वर्षों तक एक महाकाव्य के सृजन में निमग्न रहने वाला रचनाकार अब हिन्दी साहित्य की एक प्रतिष्ठित संस्था के भविष्य से जुड़ा है। यह संयोग एक ओर सृजन की तपस्या का तो दूसरी ओर साहित्य के व्यापक संसार के प्रति उत्तरदायित्व का अपने भीतर एक सुंदर सांस्कृतिक अर्थ समेटे हुए है। डॉ. आनन्द कुमार सिंह का कार्यकाल भले ही एक वर्ष का हो, लेकिन साहित्यिक संस्थाओं में समय की सार्थकता उसकी अवधि से नहीं, उसके द्वारा छोड़ी गई रचनात्मक विरासत से निर्धारित होती है। अपेक्षा है कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान पुरस्कारों की प्रतिष्ठा, प्रकाशनों की गुणवत्ता, साहित्यकारों के सम्मान और नवलेखन के प्रोत्साहन के नए प्रतिमान स्थापित करेगा। हिन्दी साहित्य का संसार किसी एक विधा, विचारधारा अथवा पीढ़ी की जागीर नहीं; वह अनेक स्वरों, संवेदनाओं और सृजन-परम्पराओं का समवेत स्वर है। इस बहुलता का सम्मान ही किसी साहित्यिक संस्था की वास्तविक गरिमा है। डॉ. आनन्द कुमार सिंह को इस महनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं अभिनन्दन! कामना है कि आपकी महाकाव्यात्मक दृष्टि संस्थान की कार्य-संस्कृति में भी व्यापकता, उदारता और दूरदर्शिता का संचार करे। आपकी साहित्य-साधना अब एक बड़े सार्वजनिक दायित्व की सहयात्री बनी है। विश्वास है कि आपके कार्यकाल में हिन्दी संस्थान की गतिविधियों में नई ऊर्जा, साहित्यकारों के मन में नया विश्वास और हिन्दी की सृजनात्मक दुनिया में नई संभावनाओं का उजास प्रस्फुटित होगा। आपके नाम के साथ केवल एक पद की उपलब्धि नहीं, बल्कि हिन्दी साहित्य के लिए कुछ सार्थक, स्थायी और स्मरणीय कर गुजरने का संकल्प भी जुड़ सके, इसी मंगलकामना के साथ पुनः हार्दिक बधाई!
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..