Breaking News
Home / अपराध / निर्माणाधीन पुलिया के पास बाइक से गिरकर किसान की मौत, परिजनों ने रिश्तेदार पर लगाया हत्या का आरोप

निर्माणाधीन पुलिया के पास बाइक से गिरकर किसान की मौत, परिजनों ने रिश्तेदार पर लगाया हत्या का आरोप

गाजीपुर। बिरनो थाना क्षेत्र के बिहरा गांव के पास भड़सर-बेदबिहारी पोखरा मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के समीप गुरुवार की देर रात बाइक से गिरकर 54 वर्षीय किसान प्रकाश बिन्द की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मृतक के परिजनों ने बाइक पर साथ गए रिश्तेदार बुल्लू बिन्द पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार प्रकाश बिन्द गुरुवार की शाम अपने रिश्तेदार बुल्लू बिन्द निवासी कहोतरी, थाना बिरनो के साथ करंडा थाना क्षेत्र के गदोगाड़ा गांव में निमंत्रण में गए थे। देर रात वापस लौटते समय बिहरा गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया के समीप बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इस हादसे में प्रकाश बिन्द की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची बिरनो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रकाश बिन्द बाइक नहीं चलाते थे। उनकी बाइक लेकर रिश्तेदार बुल्लू बिन्द ही उन्हें निमंत्रण में ले गए थे। हादसे की सूचना पर जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो बुल्लू बिन्द वहां से गायब था। परिजनों ने जमीन संबंधी मुकदमे और करीब बीस लाख रुपये के लेनदेन को घटना की वजह बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिवार के लोगों के मुताबिक प्रकाश बिन्द का अपने भाई के साथ जमीन संबंधी विवाद का मुकदमा चल रहा था, जिसमें बुल्लू बिन्द उनकी पैरवी कर रहा था। आरोप है कि मुकदमे की पैरवी के नाम पर बुल्लू बिन्द धीरे-धीरे उनसे करीब बीस लाख रुपये ले चुका था। इसमें पांच लाख रुपये बैंक से कर्ज लेकर दिए गए थे। मुकदमे में डिग्री नहीं होने पर प्रकाश बिन्द अपने रुपये वापस मांग रहे थे। परिजनों का आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच नाराजगी थी और इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद प्रकाश बिन्द के घर सांत्वना देने पहुंचे बुल्लू बिन्द के पिता जयराम बिन्द को मृतक के परिवार की महिलाओं ने आरोपी का पिता बताते हुए आक्रोश में दौड़ा लिया। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों के बीच-बचाव के बाद जयराम बिन्द वहां से निकल सके। मृतक प्रकाश बिन्द खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें दो पुत्र और एक पुत्री अविवाहित हैं। पति की मौत के बाद पत्नी फूलमती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में बिरनो थानाध्यक्ष मदनलाल पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

अल्लाह की उपासना, न्याय, समानता और दया का हजरत मुहम्‍मद ने दिया संदेश- मौलाना तनवीर रजा

गाजीपुर। जमानियां कस्बा बाजार स्थित शाही जामा मस्जिद के सेकेट्री मौलाना तनवीर रजा ने रौशनी …