गाजीपुर। केंद्रीय हिंदी निदेशालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में अध्यक्षता कर रहे अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध महान नवगीतकार डॉ बुद्धिनाथ मिश्र ने प्रबुद्ध वर्ग, आचार्यों और शोधार्थियों के बीच शास्त्रीय कविताएं सुनाकर यह सिद्ध कर दिया कि, छन्दोबद्ध कविताएं मर्यादित तरीके से भी श्रोताओं को आनंदित कर सकती है। अपने काव्यपाठ का आरंभ “हिरनी आंखों में काजल कब लगाती है” जैसी रूमानी कविताओं से करते हुए उन्होंने नए लोगों को तालियां बजाने पर विवश कर दिया। उन्होंने अनेक नवगीत पढ़कर श्रोताओं को ताली बजाने पर विवश कर दिया और यह सिद्ध किया कि अच्छी रचनाओं को पाठक सराहते हैं, पाठकों तक पहुंचने के लिए अश्लीलत या फालतू हास्य की जरूरत नहीं है। उन्होंने एक नवगीत पढ़ा, ”
यह भी सच है
मैंने जीवन भर बैराग जिया है, सच है
लेकिन तुमसे प्यार किया है,
यह भी सच है।
जानूँ मैं सैकड़ों निगाहें घूर रही हैं
फिर भी अपनी ही मैं राह चला करता हूँ
पर पतंग के, लौ दीपक की, दोनों बनकर
मैं ही अक्सर नीरव रात जला करता हूँ।
मैंने युग का सारा तमस पिया है, सच है
लेकिन तुमसे प्यार किया है,
यह भी सच है।”
मऊ से आए महान भोजपुरी गीतकार कमलेश राय की उपस्थिति और प्रस्तुति ने भोजपुरी गीतों का वैभव प्रस्तुत किया, श्रोताओं ने एक के बाद एक गीतों की फरमाइश की, और उन्होंने गाकर सुनाया,
“हम पतझर में प्रीति जगाके
पात-पात मधुमास लिखीलां
कांटन के कोरन- कोरन पर
फूलन क इतिहास लिखीलां”
वाराणसी से आए नवगीतकार डॉ अशोक कुमार सिंह ने नवगीत पढ़कर सोचने पर विवश कर दिया,
“दीवारें तो बहुत खड़ी की एक न घर तुमसे बन पाया
खिड़की दरवाजे शहतीरें ये सब तो अक्सर होता है
लेकिन इनके बीच बड़ी मुश्किल से कोई घर होता है
कब तुमने अपनों को समझा कब तुमने खुद को समझाया।”
मऊ से आयी कवयित्री डॉ कादम्बिनी सिंह ने दो गजलें और एक भोजपुरी गीत सुनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया,
“साजिशन हमको ज़माने ने दिए धोखे कई
हम बड़े मासूम थे तोहफ़ा समझकर रख लिया
हर ज़रूरी बात को दिल में दबा कर रख लिया
एक कतरा अश्क इन आंखों के अंदर रख लिया”
गाजीपुर के हरिशंकर पांडेय, कामेश्वर द्विवेदी और जौनपुर के बेहोश जौनपुरी ने भी काव्य पाठ किया। कवि सम्मेलन का संचालन लेखक समालोचक माधव कृष्ण ने किया। आभार ज्ञापन पी जी कॉलेज की प्रोफेसर शिखा तिवारी, प्रोफेसर संजय सुमन और निदेशालय के सहायक निदेशक डॉ प्रदीप ठाकुर ने किया। सभा में तमाम शोधार्थी और प्रोफेसर उपस्थित थे जिनमें डॉ रामनारायण तिवारी, डॉ संतोष कुमार सिंह, डॉ अमित प्रताप, प्रोफेसर संजय कुमार चतुर्वेदी, प्रोफेसर विनय कुमार दूबे, प्रोफेसर माधवम सिंह, अस्मिता सिंह, प्रगति मौर्य, वंदना यादव, कृष्णानंद मिश्रा, प्रीति, अभिषेक तिवारी इत्यादि थे।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..