गाजीपुर! जिला कृषि अधिकारी, गाजीपुर द्वारा जनपद के समस्त कृषक भाइयों को अवगत कराया गया है कि जनपद में वर्तमान समय में उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। जनपद में यूरिया 35,766 मैट्रिक टन, डीएपी 6,285 मैट्रिक टन, एमओपी 1,476 मैट्रिक टन, एनपीके 8,438 मैट्रिक टन तथा एसएसपी 4,029 मैट्रिक टन उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जनपद गाजीपुर को नन्दगंज रैक से इफको की 2,371 मैट्रिक टन डीएपी की रैक प्राप्त हुई है, जिसमें पीसीएफ को 1,600 मैट्रिक टन तथा निजी क्षेत्र को 771 मैट्रिक टन डीएपी प्राप्त हुई है। इस प्रकार जनपद में किसानों की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हैं। जिला कृषि अधिकारी ने समस्त उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वर्तमान में प्रयोग होने वाली मुख्य उर्वरक यूरिया की बिक्री किसानों को निर्धारित मूल्य पर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। यदि कोई उर्वरक विक्रेता अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) से अधिक मूल्य पर उर्वरक की बिक्री करता है अथवा यूरिया के साथ कम प्रचलित अन्य उत्पाद खरीदने के लिए किसानों को बाध्य करता है, तो संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसान भाइयों से अपील की है कि वैज्ञानिक संस्तुतियों के अनुसार ही उर्वरकों का क्रय एवं प्रयोग करें। किसी भी परिस्थिति में आवश्यकता से अधिक उर्वरकों का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे खेती की लागत में वृद्धि होती है तथा मृदा एवं पर्यावरण के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उच्च गुणवत्ता वाली उपज प्राप्त करने के लिए किसान भाई हरी खाद, कम्पोस्ट खाद, वर्मी कम्पोस्ट, नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया का भी प्रयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी किसान भाई को उर्वरक प्राप्त करने में कोई समस्या होती है, तो वह जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता अथवा उप जिलाधिकारी से संपर्क कर अपनी समस्या का तत्काल निस्तारण करा सकते हैं।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..