ग़ाज़ीपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर चोचकपुर स्थित प्रसिद्ध मौनी बाबा धाम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और मौनी बाबा का दर्शन-पूजन कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धाम परिसर में पांच दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी हुई हैं, जहां लोगों ने खरीदारी की। मेले में बच्चों और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आसपास के गांवों के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर बाबा का दर्शन-पूजन कर रहे हैं। मौनी बाबा धाम क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना से भक्तों को आत्मिक शांति और मनोबल प्राप्त होता है। श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ कुछ समय भक्ति और साधना में भी व्यतीत करते हैं। धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह धाम क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार मौनी बाबा धाम के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था पीढ़ियों से चली आ रही है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस कैंप और मेडिकल कैंप भी स्थापित किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता मिल सके। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान, बाबा का दर्शन-पूजन और मेले की रौनक से पूरा धाम परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..