गाज़ीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने बुधवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, जुपिटर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश में चयनित राजस्व विभाग के 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण एनआईसी कक्ष गाजीपुर में किया गया, जहां जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। इस नियुक्ति द्वारा जनपद गाजीपुर को 15 कनिष्ठ सहायक मिले हैं। जिसमे 09 जनपद गाज़ीपुर एवं 06 अमेठी जनपद के है। मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि यह नियुक्ति पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया से हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब नौकरी के लिए न सिफारिश चलती है, न पैसा। जो मेहनत करेगा, वही आगे बढ़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि योग्य युवाओं को समय पर, पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिले। यही डबल इंजन सरकार की पहचान है। मुख्यमंत्री जी ने नव नियुक्त कनिष्ठ सहायकों से कहा कि सरकारी नौकरी केवल रोजगार नहीं, जनता की सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आप लोग शासन और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी हैं। फाइलों को समय पर निपटाएं, जनता के काम में देरी न करें और ईमानदारी को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का प्रयोग करें, जनहित को सर्वोपरि रखें और गाजीपुर सहित पूरे प्रदेश के विकास में अपना योगदान दें। इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने नव नियुक्त कनिष्ठ सहायकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनपद को 15 नए कनिष्ठ सहायक मिलने से कार्यालयों के कार्यों में तेजी आएगी और जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने नव नियुक्त कर्मचारियों से अनुशासन, समयबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..