गाजीपुर। साहित्यकार एवं मार्क्सवादी चिंतक श्री हृषिकेश जी की पुण्यतिथि पर मंगलवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला कार्यालय भारद्वाज भवन, लंका में ‘साहित्य और समाज’ विषयक विचार गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता भाकपा के सहायक जिला मंत्री कामरेड ईश्वरलाल गुप्ता ने की। विषय प्रवर्तन करते हुए बुद्धजीवी डॉ. इकबाल अंसारी ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण होता है। सच्चा और कालजयी साहित्य वही है, जो आम आदमी की पीड़ा, संघर्ष और जीवन की वास्तविक परिस्थितियों को अभिव्यक्त करे। साहित्य का दायित्व केवल सामाजिक विसंगतियों को उजागर करना ही नहीं, बल्कि अंधविश्वास और अवैज्ञानिक विचारों के विरुद्ध चेतना पैदा करना भी है। श्री हृषिकेश जी की रचनाएं समाज की जमीनी सच्चाइयों से जुड़ी थीं। वे प्रतिबद्ध मार्क्सवादी चिंतक और निर्भीक साहित्यकार थे। मुख्य वक्ता भाकपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य अमेरिका सिंह यादव ने कहा कि हृषिकेश जी ने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनकी रचनाएं ‘कल्पना’, ‘ज्ञानोदय’, ‘विकल्प’ और ‘नई कहानियां’ जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित होकर चर्चित हुईं। ‘कत्लेआम’, ‘मिस स्लोमन का जहन्नुम’, ‘पोस्टकार्ड’, ‘शिविर’, ‘बिरनिया’ और ‘आर्केस्ट्रा’ जैसी कहानियों ने साहित्यिक जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। कमलेश्वर के उपन्यास ‘कितने पाकिस्तान’ की उनकी विस्तृत समीक्षा भी काफी चर्चित रही। उन्होंने कहा कि साहित्य का काम सत्ता से निर्भीक होकर सवाल करना और समाज में परिवर्तन की चेतना पैदा करना है। हृषिकेश जी का साहित्य इस दायित्व का सार्थक उदाहरण है। भाकपा राज्य परिषद सदस्य शशिकांत कुशवाहा ने कहा कि साहित्य केवल समाज का प्रतिबिंब नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम भी है। जिन भावनाओं और सच्चाइयों को व्यक्ति शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाता, उन्हें साहित्य आवाज देता है। साहित्यकार अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को नई दिशा, विचार और संघर्ष की प्रेरणा देते हैं। इसी दृष्टि से हृषिकेश जी का साहित्य और उनका वैचारिक योगदान सदैव प्रासंगिक रहेगा। गोष्ठी में डॉ. पीयूषकान्त सिंह, रामजनम यादव, अजय यादव, पप्पू बिन्द, रामअवतार सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए। सभी ने हृषिकेश जी की साहित्यिक एवं वैचारिक विरासत को जीवंत रखने का संकल्प लिया। अंत में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..