गाजीपुर। रोटरी क्लब गाजीपुर की आम साप्ताहिक बैठक क्लब अध्यक्ष रो० विनीता सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुयी। इस बैठक में क्लब द्वारा आगामी सेवा प्रकल्पों और आयोजनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी। बैठक में मेदांता हॉस्पिटल, लखनऊ के सहयोग से स्थानीय फदनपुर बोर्सिया स्थित सत्यदेव हॉस्पिटल में 31 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन पर गहन चर्चा कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार किया गया | इस शिविर के लिए रो0 सानंद सिंह को प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर नामित किया गया | यह शिविर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चलेगा | शिविर में ब्लड प्रेशर (BP), हड्डियों के घनत्व/मजबूती की जांच (Bone Density), ईसीजी (ECG) सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांचें विशेषज्ञों द्वारा की जाएंगी | सिमित सीट होने के कारण शिविर में ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी , जिसके लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। बैठक में सभी रोटेरियन सदस्यों से सपरिवार नियत समय (सुबह 9:30बजे) पर उपस्थित होने की अपील की गई है। इसके अतिरिक्त प्रतिवर्ष की भंति इस वर्ष भी आगामी 7 नवम्बर 2026 को छोटी दीपावली का पावन पर्व आर्थिक रूप से कमजोर व निर्धन बच्चों के साथ धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। इस वर्ष यह कार्यक्रम रो० अरविंद शर्मा एवं रो० संजय राय के नेतृत्व में गोराबाजार (एसपी ऑफिस के बगल) स्थित रोटेरियन कविंद्र नाथ शर्मा (सचिव-स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय) के आवास पर दिन में 11:00 बजे आयोजित होगा। इस उत्सव में सभी रोटरी सदस्यों से अपील की गयी कि वह अपने साथ मोमबत्ती, दीये एवं बच्चों के लिए आतिशबाजी लेकर सम्मिलित हों। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने के उपरांत सभी के लिए पारंपरिक बाटी-चोखा (स्नेह-भोज) का प्रबंध रहेगा। बैठक में रोटरी अध्यक्ष रो० विनीता सिंह, रोटरी सचिव रो० सुमन सर्राफ, डायरेक्टर क्लब सर्विस रो० संजीव कुमार सिंह के अतिरिक्त रो० अशीष सेठ, रो० अजय सर्राफ, रो० सी.पी. चौबे, रो० संजर नसीर, रो० रमेश रस्तोगी, रो० जीशान जिया सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..