गाजीपुर। नगर के विकास एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। उत्तर प्रदेश शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में अंत्येष्टि स्थल विकास योजना के तहत आदर्श नगर पालिका परिषद जमानिया के नगर क्षेत्र स्थित बलुआ घाट के अंत्येष्टि स्थल के निर्माण एवं विकास के लिए 42.40 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। नगर विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 16 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश संख्या 05/2026 के अनुसार जमानिया नगर पालिका परिषद के लिए 42.40 लाख रुपये की धनराशि अनुमन्य की गई है। यह धनराशि प्राप्त आगणन एवं मानकीकरण के पश्चात स्वीकृत की गई है।शासन की इस स्वीकृति से बलुआ घाट स्थित अंत्येष्टि स्थल पर आवश्यक निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे नगरवासियों को अंतिम संस्कार के लिए बेहतर, व्यवस्थित एवं सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं तकनीकी स्वीकृति के अनुरूप कराया जाएगा। साथ ही कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण की व्यवस्था भी की गई है।आदर्श नगर पालिका परिषद जमानिया द्वारा नगर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। बलुआ घाट के अंत्येष्टि स्थल के विकास के लिए मिली यह स्वीकृति नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।आदर्श नगर पालिका परिषद जमानिया के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने शासन द्वारा धनराशि स्वीकृत किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। शासन की योजनाओं का लाभ नगरवासियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..