मुहम्मद खालिद
गाजीपुर। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना का महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव से शुरू हुआ। इस अवसर पर छठ व्रत रखने वाली महिलाओं ने सुबह स्नान कर भगवान सूर्य देव की आराधना की तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर व्रत का संकल्प लिया। नहाय-खाय के दिन व्रती महिलाएं घरों की साफ-सफाई एवं पूजा-पाठ के बाद शुद्धता और पवित्रता का विशेष ध्यान रखते हुए लौकी की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का प्रसाद ग्रहण करती हैं। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत होती है। छठ पर्व को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले फल, फूल, बांस के सूप, दउरा, नारियल, गन्ना, अदरक, हल्दी और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी की जा रही है। घरों में छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजने लगे हैं और पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। इस महापर्व में व्रती महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करती हैं। नहाय-खाय के बाद खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य तथा उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाती है। डाला छठ केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, संयम, त्याग, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भी प्रतीक है। इस पर्व में समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ मिलकर श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लेते हैं।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..