गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज की बैठक संस्था के संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी के सहकारी कालोनी,आमघाट स्थित आवास पर हुई। बैठक में संस्था के तत्वावधान में इस वर्ष आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा की गई। संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी अमर ने बताया कि बिना किसी शासकीय वित्तीय सहायता के संस्था विगत चार दशकों से गाजीपुर एवं अन्य पड़ोसी जनपदों में वर्षपर्यंत सक्रिय रहकर विभिन्न प्रकार के साहित्यिक,सांस्कृतिक एवं बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।इसी कड़ी में विद्यार्थियों व युवाओं के सर्वांगीण विकास हेतु जनपद स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है जिससे विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा मुखरित व उजागर हो सके।चयनित प्रतिभागियों को संस्था के 42वें वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाजीपुर गौरव सम्मान समारोह (चेतना महोत्सव) में स्मृति-चिह्न व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगितात्मक प्रभारी प्रभाकर त्रिपाठी ने बताया कि नगर के तुलसीसागर स्थित न्यू होराइजन एकेडमी के सभागार में विचार-अभिव्यक्ति प्रतियोगिता होगी।हिन्दी माध्यम की प्रतियोगिता बाइस नवम्बर एवं अंग्रेजी माध्यम की प्रतियोगिता उन्तीस नवम्बर को होगी।आदर्श इण्टर काॅलेज महुआबाग में छह दिसंबर को हिन्दी सुलेख-श्रुतलेख,अंग्रेजी सुलेख-श्रुतलेख व चित्रकला प्रतियोगिता एवं बीस दिसम्बर को सामान्य ज्ञान,गणित व निबन्ध प्रतियोगिता होगी। आवेदन पत्र भरने वाले सभी विद्यार्थियों का प्रवेश-पत्र समय से भेज दिया जाएगा।यदि किसी को न मिले तो वह प्रतियोगिता के दिन प्रतियोगिता केन्द्र पर प्रातः दस बजे सम्पर्क कर प्रवेश-पत्र की द्वितीय प्रति प्राप्त कर सकता है। बैठक में प्रमुख रूप से राजीव कुमार मिश्र,संजीव कुमार गुप्त,रागिनी त्रिपाठी,शशिकांत राय,आनन्द प्रकाश अग्रवाल,अमरनाथ तिवारी अमर,प्रभाकर त्रिपाठी ,आनन्द प्रकाश अग्रवाल,हर्षित श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष डा.रविनन्दन वर्मा एवं संचालन सचिव हीरा राम गुप्त ने किया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..