गाजीपुर। स्वच्छता और सेवा ही महात्मा गांधी को सच्ची श्रध्दांजलि है। जीवन में अपनाई गई ईमानदारी लाल बहादुर शास्त्री को श्रध्दांजलि है। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को महाश्मशान पूर्व ब्लाक प्रमुख मित्रसेन प्रधान अंत्येष्टि स्थल मां गंगा तट सुल्तानपुर आयोजित कार्यक्रम में उक्त बातें समाजसेवी, चिंतक और सामाजिक शिक्षक धनंजय राय राजू ने कहीं। उन्होंने कहा कि यह ऐसा स्थान है जहां कोई आना नहीं चाहता। अपनों को अंतिम विदाई देने के लिए आना पड़ता है। महात्मा गांधी ने देश की आजादी की लड़ाई का नेतृत्व किया,साथ ही अपने जीवन आचरण से स्वच्छता, सेवा और अहिंसा का संदेश पूरी दुनिया को दिया। इसे हमें अपने जीवन में उतारना होगा। यदि हम यह भी कर लेते हैं तो यह बड़ी राष्ट्र सेवा होगी। पूर्व प्रधान डा.अविनाश प्रधान ने कहा कि यहां प्रति दिन शवों और शवयात्रियों की संख्या बढ़ रही है। स्वच्छता और सेवा भाव प्रमुख रहना चाहिए। यहां रहने वाले लोगों के सामूहिक प्रयास से जल परवाह तो समाप्त हो गया है। इसके माध्यम से मां गंगा की स्वच्छता,निर्मलता का बड़ा कार्य हुआ है और हो रहा है। लेकिन शवयात्रियों को गंदगी न मिले इसका बेहतर प्रयास किया जा सकता है। झंडोत्तोलन डोमराज सभूति ने किया। इससे पूर्व पूरे महाश्मशान पर सभी ने सफाई अभियान चलाया। कार्यक्रम में रामाधार डोम, रणजीत डोम, पौवा डोम, गुड्डू डोम, आनंद मोहन पांडेय, अरविंद यादव, धीरज यादव आदि मौजूद रहे। संचालन सुनील प्रधान ने किया। प्रशासक सुनिता गिरि द्वारा भेजे गए मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..