गाजीपुर! यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को 27 सितंबर की देर रात भारतीय बैंक संघ (IBA) के साथ हुई वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया है। वार्ता में पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के मुद्दे पर आगे विचार-विमर्श के लिए IBA एवं UFBU की उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है।UFBU की प्रमुख माँग बैंकों में पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना तथा सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करना है। इस मुद्दे पर गठित होने वाली उच्चस्तरीय समिति संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श करते हुए सभी हितधारकों, विशेषकर बैंक ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी।UFBU गाजीपुर इकाई के जिला संयोजक सत्येन्द्र गुप्ता ने कहा कि पाँच दिवसीय बैंकिंग की माँग लंबे समय से लंबित है तथा यह बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। वर्तमान परिस्थितियों में वार्ता के माध्यम से समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तीन दिवसीय हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने स्पष्ट किया कि हड़ताल स्थगित किया जाना माँगों की समाप्ति नहीं है। पाँच दिवसीय बैंकिंग सहित अन्य लंबित मुद्दों पर संगठन की आगे की रणनीति वार्ता में होने वाली प्रगति तथा UFBU के केंद्रीय नेतृत्व के आगामी निर्देशों के आधार पर निर्धारित होगी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार भी हड़ताल स्थगित होने के बावजूद पाँच दिवसीय बैंकिंग का मुद्दा अभी विचाराधीन है।26 अक्टूबर 2026 से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल के संबंध में स्थिति UFBU के आधिकारिक निर्देशों के अनुसार स्पष्ट की जाएगी। अतः बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से अपील है कि वे किसी भी अफवाह अथवा अनधिकृत सूचना पर ध्यान न दें तथा संगठन के आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।UFBU गाजीपुर इकाई सभी बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों से संगठनात्मक एकता बनाए रखने, अनुशासन के साथ संगठन के साथ खड़े रहने तथा आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने की अपील करती है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..