गाजीपुर। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा पीएम योजना के अंतर्गत चयनित उच्च प्राथमिक/कंपोजिट विद्यालयों में ‘स्कूल बैंड’ एवं ‘बैंड यूनिफॉर्म’ उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, राष्ट्रीय भावना, सांस्कृतिक गतिविधियों, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। जारी स्वीकृति के अनुसार जनपद गाजीपुर के 25 चयनित उच्च प्राथमिक/कंपोजिट विद्यालयों के लिए स्कूल बैंड गतिविधियों हेतु कुल ₹12.50 लाख की धनराशि स्वीकृत एवं जारी की गई है। प्रत्येक चयनित विद्यालय के लिए ₹50,000 की धनराशि निर्धारित है।स्कूल बैंड के माध्यम से विद्यार्थियों को संगीत एवं प्रदर्शन कला से जोड़ने के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग एवं टीम भावना विकसित करने का अवसर मिलेगा। विद्यालयों में बैंड का उपयोग प्रार्थना सभा, राष्ट्रीय पर्व, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभात फेरी, मार्च पास्ट, खेलकूद तथा स्काउट गाइड/एनसीसी से संबंधित गतिविधियों में किया जा सकेगा। विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के माध्यम से स्कूल बैंड एवं बैंड यूनिफॉर्म की सामग्री का क्रय किया जाएगा। सामग्री की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं उपलब्धता का सत्यापन विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। विद्यालयों को सामग्री का स्टॉक पंजिका में अनिवार्य रूप से अंकन करने तथा बैंड उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गाजीपुर उपासना रानी वर्मा द्वारा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों एवं विद्यालयों को निर्देशित किया जाएगा कि स्वीकृत धनराशि का नियमानुसार एवं निर्धारित मद में ही उपयोग करते हुए विद्यालयों में स्कूल बैंड गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित कराया जाए।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..