गाजीपुर! जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश के क्रम में जनपद में बाढ़ की स्थिति से प्रभावित परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 01 से 08 तक के छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं उनकी शैक्षिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा द्वारा समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार, जिन परिषदीय विद्यालयों में बाढ़ का पानी भर गया है अथवा विद्यालय परिसर/ भवन में बाढ़ के कारण छात्र-छात्राओं का उपस्थित होकर शिक्षण कार्य करना सुरक्षित नहीं है, ऐसे विद्यालयों में अग्रिम आदेश तक शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। वहीं, यदि बाढ़ प्रभावित विद्यालय के निकट कोई अन्य परिषदीय विद्यालय सुरक्षित स्थिति में संचालित हो रहा है, तो संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रभावित विद्यालय के छात्र-छात्राओं को निकटवर्ती सुरक्षित विद्यालय में शिफ्ट कराकर शिक्षण कार्य सुचारु रूप से संचालित कराया जाए। यदि बाढ़ प्रभावित विद्यालय के निकट कोई अन्य परिषदीय विद्यालय में शिफ्ट करना संभव नहीं हो पा रहा हो तो ऐसी दशा में उक्त विद्यालय के छात्र -छात्राओं का ऑनलाइन क्लासेज के माध्यम से शिक्षण कार्य सम्पादित की जायेगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि बाद प्रभावित विद्यालयों के समस्त शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अन्य शैक्षणिक कार्मिक निकटवर्ती विद्यालयों में नियमित रूप से उपस्थित होकर शिक्षण कार्य संपादित करेंगे। साथ ही, जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिफ्ट किया जाएगा, वहां पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। यह व्यवस्था बाढ़ की स्थिति सामान्य होने एवं अग्रिम आदेश तक प्रभावी रहेगी। परिस्थितियों में परिवर्तन होने पर पृथक से आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता प्रदान की जाए।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..