Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों और नंदगंज थाने में सजी आकर्षक झांकियां

धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, मंदिरों और नंदगंज थाने में सजी आकर्षक झांकियां

गाजीपुर। नंदगंज बाजार सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। देर रात तक श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की प्रतीक्षा की और जन्म के उपरांत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद का वितरण किया। जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने व्रत रखा। घरों, मंदिरों सहित नंदगंज थाना परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं। झांकियों को देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। लोग श्रद्धापूर्वक भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते नजर आए। घरों में भी जन्माष्टमी को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। अनेक छोटे बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में सजकर पर्व की खुशियों में शामिल हुए। बच्चों के मनमोहक रूप ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नंदगंज थाना परिसर को जन्माष्टमी के अवसर पर बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी सजावट और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा द्वारा थाना क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के सदर विधायक जै किशन साहू भी अपने सहयोगियों के साथ नंदगंज थाना परिसर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर जयकारे लगाए और प्रसाद ग्रहण किया। पूरे क्षेत्र में देर रात तक भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। जन्माष्टमी पर्व ने नंदगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को कृष्ण भक्ति के रंग में रंग दिया।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

शिक्षक दिवस पर रोटरी क्लब गाजीपुर ने किया शिक्षकों का सम्‍मान  

गाजीपुर। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 05 सितम्बर को शिक्षक दिवस के शुभ …