गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के क्रम में विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों की मैपिंग के उपरांत चिन्हित आंगनबाड़ी केन्द्रों को विद्यालय परिसर में स्थानांतरित किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। शासन द्वारा प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों के निकट स्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों को विद्यालय परिसर में संचालित किए जाने पर विशेष जोर दिया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विद्यालय परिसर में बेहतर शैक्षणिक एवं गतिविधि आधारित वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें औपचारिक शिक्षा के लिए तैयार करना है। विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों के हित में किए जाने की व्यवस्था की गई है। निर्देशों के अनुसार 200 मीटर की परिधि में स्थित तथा गैर-विभागीय भवनों में संचालित चिन्हित आंगनबाड़ी केन्द्रों को विद्यालय परिसर में शिफ्ट किया जाना है। इसके लिए विद्यालय में बच्चों हेतु सुरक्षित एवं निर्धारित स्थान/कक्षा-कक्ष, बिजली, शुद्ध पेयजल, शौचालय एवं खेलकूद के लिए उपयुक्त स्थान जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। शासन ने इस कार्य को मिशन मोड में पूर्ण करने पर विशेष बल दिया है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..