Breaking News
Home / अपराध / दो बाइकों के आमने-सामने की टक्‍कर में तीन युवकों की मौत, तीन घायल

दो बाइकों के आमने-सामने की टक्‍कर में तीन युवकों की मौत, तीन घायल

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के टांड़ा गांव के पास दो बाइकों की टक्कर में मुबारकपुर हरतरा निवासी शनि कुमार, दीपक यादव और आसपुर खुमिया निवासी विजय उर्फ रोलू राजभर की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों में शुभम कुमार को गंभीरावस्था में वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज हेतु भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात करीब 11 बजे एक ही बाइक पर सवार होकर मुबारकपुर हरतरा गांव निवासी 17 वर्षीय शनि कुमार, 17 वर्षीय दीपक यादव और 16 वर्षीय शुभम कुमार शादियाबाद जा रहे थे। तीनों युवक शादियाबाद स्थित एक मजार पर लगे उर्स मेला देखने जा रहे थे। इसी दरम्यान सामने से इसी उर्स मेला से बहरियाबाद थाना क्षेत्र के ही आसपुर खुमिया निवासी 18 वर्षीय विजय उर्फ रोलू राजभर और 22 वर्षीय अखिलेश राजभर तथा अजीत राजभर एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दरम्यान टांड़ा चट्टी पर दोनों बाइकों की आमने सामने जबरदस्त भिड़ंत होने से यह हादसा हुआ। दोनों मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना पर सादात थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव और बहरियाबाद थानाध्यक्ष बृजेश कुमार पुलिसफोर्स के साथ देर रात घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शनि, विजय और दीपक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मुबारकपुर हरतरा निवासी मृतक शनि कुमार के पिता चन्द्रशेखर राम खेती किसानी करके किसी तरह परिवार का भरण पोषण करते हैं। मृतक 12 वीं कक्षा में पढ़ता था, जबकि उसका छोटा भाई समर सातवीं में पढ़ता है। पिता चंद्रशेखर राम और माता रेनू देवी का रो रोकर बुरा हाल रहा।सड़क हादसे में शनि के साथ जान गंवाने वाले दीपक यादव के पिता हजारी यादव वाराणसी में ड्राइवर हैं। चार भाई और एक बहन में दीपक दूसरे नम्बर पर था। बड़े भाई पंकज, बहन माधुरी, भाई किशन, गोपाल, माता राधिका देवी का रो रोकर बुरा हाल रहा। वहीं दूसरी बाइक सवार विजय उर्फ रोलू राजभर के पिता लालचंद्र राजभर के चार पुत्रों में विजय सबसे छोटा था। बड़ा भाई राजकुमार, शिवकुमार, अजय, माता निर्मला देवी का रो रोकर बुरा हाल रहा। उसके साथ घायल गांव के ही युवक अखिलेश राजभर और अजीत को हल्की चोट लगी। सड़क हादसे में गम्भीर रूप से घायल युवक शुभम कुमार का वाराणसी के ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जाती है। शुभम के पिता मनोज कुमार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। शुभम इंटरमीडिएट में पढ़ता है। उसकी बहन किंजल और छोटा भाई शिवम है।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत डीएम, सीडीओ ने किया मेडिकल कालेज में पौधरोपण  

गाजीपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून, 2026 से …