गाज़ीपुर। नंदगंज स्थित शहीद स्मारक इंटर कॉलेज, नंदगंज में बुधवार को संविधान दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर चर्चा, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य उदय राज ने संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की। प्रधानाचार्य ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया तथा सभी को अनुशासित शिक्षा ग्रहण करने और संविधान के नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। प्रधानाचार्य उदय राज ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक के लिए संविधान का सम्मान और उसके मूल्यों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारत में वर्ष 2015 से प्रत्येक 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। प्रवक्ता ओम प्रकाश सिंह और वीरेन्द्र नाथ राम ने छात्रों को संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों की महत्ता समझाई। हिन्दी प्रवक्ता गिरीश चौबे ने संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं संविधान सभा के सदस्यों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित किया। कार्यक्रम में सत्येन्द्र नाथ सिंह, रविन्द्र नाथ, कमलेश कुमार निरंकारी, सत्यनारायण पाण्डेय, अशोक कुमार सिंह समेत विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..