गाजीपुर। मेघबरन सिंह अकादमी करमपुर गाजीपुर के संचालक अनिकेत सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर में 2 फरवरी को विराट कुश्ती दंगल और 9 फरवरी से 14 फरवरी तक 28वीं अखिल भारतीय मेघबरन सिंह व तेज बहादुर सिंह स्मारक इनामी हॉकी पुरुष प्रतिायोगिता का आयोजन किया गया है। अनिकेत सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह होंगे। विजेता टीम को एक लाख रुपया नकद और उपविजेता टीम को 60 हजार रुपया नकद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। खिलाडि़यों के लिए यात्रा, भत्ता, आवास, भोजन, अन्य सुविधाएं आयोजकों द्वारा प्रदान की जायेगी। इस प्रतिष्ठित हॉकी टुर्नामेंट में देश की प्रमुख 13 टीमें जिसमे NCOE हरियाणा, NCOE दिल्ली, NCOE लखनऊ, NCOE SAIL उडि़सा, यूपी पुलिस हॉकी टीम, स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ, स्पोर्ट्स हास्टल झांसी, स्पोर्ट्स कालेज सैफई, NER रेलवे गोरखपुर, आर्मी ग्रीन जालंधर, अश्वनी स्पोर्ट्स अकादमी मैसूर, मेघबरन सिंह हॉकी अकादमी करमपुर, STC हैदराबाद की टीमें भाग लेंगी। देश भर से आने वाले राष्ट्रीय स्तर के पहलवान कुश्ती दंगल में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। मेघबरन सिंह पीजी कालेज भदैला करमपुर के प्रबंधक और पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने जनपदवासियों से अपील किया है कि इस खेल के आयोजन में भाग लेकर खेल को बढ़ावा दें जिससे कि गाजीपुर जो अपनी समृद्ध खेल विरासत के लिए जाना जाता है उसे और प्रोत्साहन मिल सके।
