गाजीपुर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर जंगीपुर क्षेत्र में बुधवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार 60 वर्षीय किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान बैजनाथ प्रसाद पुत्र स्वर्गीय भूखन राम निवासी के रूप में हुई है। जंगीपुर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक के भाई जनार्दन राम ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि बैजनाथ प्रसाद बुधवार की देर शाम साइकिल से अपने ससुराल खिलवा जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायल बैजनाथ प्रसाद को तत्काल गाजीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के भाई जनार्दन राम की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..