ग़ाज़ीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने बुधवार को ग्राम पंचायतों में प्रशासकों का कार्यकाल छह माह बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। इस निर्णय से देवकली ब्लॉक सहित जनपद के विभिन्न ग्राम पंचायतों में तैनात प्रशासकों में खुशी का माहौल है, वहीं ग्राम पंचायत प्रधान पद के भावी प्रत्याशियों में मायूसी छा गई है। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायतों में चुनाव की संभावना को देखते हुए गांवों में प्रधान पद के भावी प्रत्याशियों ने काफी पहले से प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया था। नवंबर माह में ग्राम पंचायत चुनाव की घोषणा होने की उम्मीद लगाए बैठे प्रत्याशी गांवों में जनसंपर्क कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में जुटे थे। कई प्रत्याशियों ने चुनाव की तैयारी को लेकर अपनी रणनीति भी तैयार कर ली थी। लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा प्रशासकों का कार्यकाल छह माह बढ़ाए जाने के निर्णय से चुनाव की उम्मीद लगाए बैठे भावी प्रत्याशियों को निराशा हाथ लगी है। वहीं वर्तमान प्रशासकों को छह माह अतिरिक्त कार्यकाल मिलने से राहत और खुशी महसूस हो रही है। अब ग्राम पंचायतों में चुनाव की संभावित तारीख को लेकर लोगों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..