गाजीपुर। उप कृषि निदेशक गाजीपुर ने अवगत कराया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के पूर्वानुमान के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने गहरे निम्न दबाव क्षेत्र के कारण दिनांक 28 व 29 अक्टूबर, 2026 को जनपद गाजीपुर एवं पूर्वांचल के अन्य जनपदों में मध्यम से भारी वर्षा (50-90 मिमी) एवं 30-40 किमी प्रति घंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी किसान भाइयों को निम्नलिखित सुरक्षात्मक उपाय अपनाने की सलाह दी जाती है:-खरीफ की कटी फसलों हेतु (धान): खेत में कटी हुई धान की फसल यदि पड़ी है तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर ढककर रखें, तिरपाल से ढक दें। मंडी या खलिहान में रखे अनाज को ऊंचे स्थान पर रखकर पॉलीथीन/तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें। हार्वेस्टर से कटाई 28 अक्टूबर से पहले पूर्ण कर लें।रबी की बोई गई फसलों हेतु (सरसों, चना, मटर): जिन खेतों में बुवाई हो चुकी है, वहां जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें, खेत में पानी न भरने दें। 28-29 अक्टूबर को किसी भी प्रकार की बुवाई, उर्वरक (यूरिया/DAP) एवं कीटनाशक का छिड़काव न करें।सब्जी एवं फल उत्पादक किसानः सब्जियों (टमाटर, बैंगन) के खेतों में बांस के सहारे सहारा दें ताकि पौधे गिरे नहीं। केला एवं पपीता के बागों में अतिरिक्त सहारा लगाएं। जलभराव वाले खेतों से पानी निकालने हेतु नाली बना दें। अन्य सावधानियांः किसान भाई 28-29 अक्टूबर को खुले खेत में बिजली चमकने के दौरान न रहें। पशुओं को सुरक्षित शेड में रखें। विद्युत उपकरणों एवं पम्पसेट का विशेष ध्यान रखें। सभी बीमित कृषकों को सलाह दी जाती है कि फसल क्षति की दशा में टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..