Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / गाजीपुर में भारतीय आवाम पार्टी की प्रांतीय बैठक, पसमांदा मुसलमानों की हिस्सेदारी पर जोर

गाजीपुर में भारतीय आवाम पार्टी की प्रांतीय बैठक, पसमांदा मुसलमानों की हिस्सेदारी पर जोर

गाजीपुर। भारतीय आवाम पार्टी की प्रांतीय बैठक सोमवार को पार्टी के पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जाकिर हुसैन की उपस्थिति में रौजा स्थित जिला कार्यालय पर संपन्न हुई। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आयोजित कोर कमेटी की बैठक में पसमांदा समाज के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए “पूर्वी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष” जाकिर हुसैन ने कहा कि पसमांदा मुसलमानों को ऐसी राजनीति की आवश्यकता नहीं है, जो उन्हें केवल भावनात्मक और विवादित मुद्दों में उलझाए रखे। उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज का वास्तविक एजेंडा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आर्थिक मजबूती, सामाजिक सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय आवाम पार्टी मुस्लिम नेताओं की उस राजनीतिक शैली को स्वीकार नहीं करती, जिसमें मुस्लिम राजनीति का केंद्र राष्ट्रीय विकास के बजाय पहचान और विवाद के मुद्दों के इर्द-गिर्द रहता है। हमारी राजनीति का केंद्र संविधान, राष्ट्र की एकता और नागरिकों की बुनियादी समस्याएं हैं। जाकिर हुसैन ने मुस्लिम राजनीतिक हिस्सेदारी की बात करने वाले नेताओं से सवाल किया कि जब हिस्सेदारी की बात होती है, तो पसमांदा मुसलमानों की वास्तविक हिस्सेदारी पर ठोस चर्चा क्यों नहीं होती। उन्होंने पूछा कि कितने पसमांदा युवाओं को नेतृत्व दिया गया, कितनों को महत्वपूर्ण राजनीतिक जिम्मेदारियां मिलीं और उनके बच्चों की शिक्षा व रोजगार के लिए क्या ठोस परिणाम आए। उन्होंने पार्टी का एजेंडा स्पष्ट करते हुए कहा कि हर गरीब परिवार के बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पिछड़े इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, युवाओं के लिए कौशल व स्वरोजगार के अवसर, बुनकर-दस्तकारों को पूंजी-तकनीक व बाजार और पंचायत से संसद तक वास्तविक प्रतिनिधित्व उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय आवाम पार्टी की राजनीति नफरत, तुष्टिकरण और भावनात्मक राजनीति के विरुद्ध है। हमारा आधार देश सर्वोपरि, संविधान सर्वोपरि और नागरिक सर्वोपरि है। पसमांदा मुसलमान केवल वोट बैंक नहीं, राष्ट्र निर्माण के बराबर के भागीदार हैं। बैठक में जिला गाजीपुर इकाई के पुनर्गठन पर भी चर्चा हुई। इस दौरान जमील अंसारी, सागर सिंह मौर्य, आनंद कुमार गुप्ता, शमशाद आलम, इब्राहिम खान, किताबुद्दीन शाह, हेलाल सिद्दीकी, राजू मौर्य, रेहान खान, मुख्तार शाह, अंजुम आरा, रौशन जहां सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

मगई नदी के उफान से जलमग्न खेतों का पीयूष राय ने एसडीएम व राजस्‍व कर्मियों के साथ किया निरीक्षण, कहा- नदी को बनाएं अवरोध मुक्‍त

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के करइल इलाके में मगई नदी के उफान से किसानों के …