गाजीपुर। आध्यात्मिक चेतना, श्रद्धा और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, काशी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने आज शुक्रवार को जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह के सौजन्य से सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं संग नीब करौली बाबा के जीवन चरित्र एवं आध्यात्मिक साधना पर आधारित फिल्म ‘हनुमंत अंश’ का सामूहिक रूप से अवलोकन किया। कार्यकर्ताओं ने फिल्म, गाजीपुर नगर स्थित एन वाई सिनेमा हॉल में पहुंचकर फिल्म देखी। फिल्म के माध्यम से नीब करौली बाबा के आध्यात्मिक जीवन, उनकी साधना, मानव सेवा तथा भगवान श्रीहनुमान के प्रति उनकी अनन्य भक्ति एवं आराधना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म ने उपस्थित कार्यकर्ताओं के मन में आध्यात्मिक भाव, भक्ति और सनातन संस्कृति के प्रति गौरव की अनुभूति को और प्रगाढ़ किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि भारतीय सनातन परम्परा में संत-महात्माओं का जीवन समाज को सदैव सेवा, समर्पण, त्याग और आध्यात्मिक चेतना की प्रेरणा देता रहा है। नीब करौली बाबा का जीवन भगवान श्रीहनुमान की अनन्य आराधना और मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहा। ऐसे प्रेरणादायी जीवन चरित्र पर आधारित फिल्मों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय आध्यात्मिक विरासत और संस्कारों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य हो रहा है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने कहा कि नीब करौली बाबा की हनुमत भक्ति केवल आध्यात्मिक साधना नहीं, बल्कि सेवा, करुणा और लोककल्याण का संदेश भी देती है। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मकता, सेवा भावना और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत किया जा सकता है। जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक परम्परा अत्यंत समृद्ध है। संतों और महापुरुषों के जीवन पर आधारित रचनात्मक प्रस्तुतियां समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। फिल्म देखने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘हनुमंत अंश’ के माध्यम से नीब करौली बाबा के जीवन, भगवान श्रीहनुमान के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा तथा मानव सेवा के संदेश को आत्मसात करने का अवसर मिला। फिल्म के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और आध्यात्मिक भाव देखने को मिला। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल,भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, विनोद अग्रवाल,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, अविनाश सिंह, गोपाल राय, अभिनव सिंह, रामेश्वर तिवारी, सुनिता सिंह, रोली शर्मा, मुरली कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में महिला पुरुष पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..