गाजीपुर। महाहर धाम में कल से प्रारंभ होने वाली श्रावण मास कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा द्वारा महाहर धाम पर पवित्र कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संचालन के उद्देश्य से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा नियमित रूप से सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल तथा प्राथमिक उपचार केंद्रों की पर्याप्त व्यवस्था समय से पूर्ण कर ली जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल उसका निराकरण कराया जाए। पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार भ्रमण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल एवं नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखा जाए। बैठक में विद्युत, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल निगम, नगर निकाय, अग्निशमन, परिवहन तथा अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी एवं महाहर धाम के ट्रस्टी उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत जिलाधिकारी अपुनपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 इरज राजा संयुक्त रूप से महाहर धाम परिसर में स्थापित नई पुलिस चौकी का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि नई पुलिस चौकी के संचालन से कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था,शान्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। किसी प्रकार की समस्या प्राप्त होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी से सम्पर्क किया जा सकता है।

Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..