गाजीपुर। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केन्द्र, आंकुशपुर, गाजीपुर-II की ओर से विकास खंड कासिमाबाद के ग्राम मुबारकपुर नेत में एस सी एस पी परियोजनांतर्गत अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान 25 महिला एवं पुरुष किसानों को उन्नत किस्मों की सब्जियों की बीज किट वितरित की गई। बीज किट में टमाटर, बैंगन, भिंडी, प्याज, पालक, मिर्च सहित अन्य मौसमी सब्जियों के बीज शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को पोषण वाटिका स्थापित करने के साथ वैज्ञानिक ढंग से सब्जी उत्पादन के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर उद्यान वैज्ञानिक डॉ. शशांक सिंह ने कहा कि प्रत्येक किसान परिवार को अपने घर के आसपास पोषण वाटिका अवश्य विकसित करनी चाहिए। इससे परिवार को वर्षभर ताजी एवं पौष्टिक सब्जियां उपलब्ध होने के साथ घरेलू खर्च में कमी और अतिरिक्त उत्पादन से आय में वृद्धि होती है। उन्होंने किसानों को उन्नत किस्मों के चयन, बीज उपचार, समय पर बुवाई, संतुलित पोषण, सूक्ष्म सिंचाई तथा कीट एवं रोगों के एकीकृत प्रबंधन (आईपीएम) की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। मृदा वैज्ञानिक डॉ. दीपक प्रजापति ने कहा कि अधिक उत्पादन के लिए मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का संतुलित प्रयोग आवश्यक है। उन्होंने किसानों को जैविक खाद, सूक्ष्म पोषक तत्वों के समुचित उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं जल संरक्षण तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मृदा ही गुणवत्तापूर्ण एवं अधिक उत्पादन की आधारशिला है। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने सब्जी उत्पादन से संबंधित विभिन्न तकनीकी समस्याओं पर वैज्ञानिकों से चर्चा की। अंत में सभी 25 लाभार्थी महिला एवं पुरुष किसानों को सब्जी बीज किट वितरित की गई तथा वैज्ञानिक अनुशंसाओं के अनुरूप खेती अपनाकर अधिक उत्पादन एवं बेहतर पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..