गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के सेमरौल गांव में घर में घुसकर मारपीट के आरोप में फरार चल रहे तीन आरोपियों के खिलाफ बुधवार को न्यायालय के आदेश पर धारा 82 की कार्रवाई की गई। मखदुमपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक संतराम यादव ने पुलिस टीम के साथ आरोपियों के घर पर मुनादी कराई और नोटिस चस्पा किया। यह कार्रवाई ग्राम सेमरौल निवासी रोशन राम, विशाल और गीता देवी के खिलाफ की गई है। ये तीनों आरोपी बीते तीन वर्षों से फरार चल रहे हैं। इन पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप है, और ये इस मामले में वांछित हैं। उप निरीक्षक संतराम यादव ने बताया कि घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार हैं। न्यायालय ने उन्हें कई बार हाजिर होने का आदेश दिया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। न्यायालय के आदेशानुसार यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि इसके बाद भी आरोपी हाजिर नहीं होते हैं, तो न्यायालय के निर्देश पर उनके खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..