शिवकुमार
गाजीपुर। जिले के सियासी गलियारों से लेकर गांव के चट्टी-चौराहों पर बस एक बात की चर्चा है कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के जनता दरबार से सांसद, विधायक आदि जनप्रतिनिधियों का शटर डाउन हो गया है। अब फरियादी सांसद, विधायक के यहां जाने के बजाय जिलाधिकारी के यहां सुबह से ही फरियाद लेकर लाइन में लग जाते हैं। जो फरियादी अपनी फरियाद लेकर आता है उसे अवश्य ही अपनी समस्याओं से निदान मिल जाता है। इसी शोहरत से डीएम के दरबार में जनता की लगातार भीड़ बढ़ती जा रही है। सुबह 10 बजे से लेकर अंतिम फरियादी की बात सुनने तक डीएम साहब लगातार कलेक्ट्रेट सभागार राइफल क्लब में जनसुनवाई करते रहते हैं। जिलाधिकारी के जनसुनवाई का जो तत्काल एक्शन है वह सबसे ज्यादा गाजीपुरवासियों में लोकप्रिय है। किसी भी समस्या को तत्काल जड़ तक पहुंच कर उसका निदान करने तक जिलाधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करते रहते हैं। 50 से शुरु हुई फरियादियों की संख्या आज 400 तक पहुंच गयी है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश केशरी उर्फ गुड्डू केशरी ने पूर्वांचल न्यूज डाट काम को बताया कि जिलाधिकारी के जनता दरबार की चर्चा पूरे गाजीपुर में है। जिलाधिकारी ने अपने जनता दरबार से समस्याओं के समाधान के लिए आज मील का पत्थर रखा है इसीलिए सुबह सात बजे से ही गांव-गिरांव से लोग आकर अपनी समस्या को लेकर लाइन में लग जाते हैं और चेहरे पर मुस्कान लिये घर वापस जाते हैं। गाजीपुर प्रेस क्लब के सचिव विनीत दुबे ने कहा कि राइफल क्लब में बढ़ी भीड़ डीएम अनुपम शुक्ला के प्रति लोगों के विश्वास का प्रतीक हैं। त्वरित कार्रवाई से फरियादी संतुष्ट हो रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही के शिकार हर फरियादी अब डीएम के यहां अपनी समस्या पहुंचाना चाहते हैं जिसके परिणाम स्वरुप डीएम के जनसुनवाई में भीड़ बढ़ रही है। उन्होने बताया कि जनता में पहली बार यह विश्वास हो रहा है कि किसी कार्य के लिए सोर्स, पैरवी की कोई जरुरत नही है। करंडा ब्लाक के ब्राह्मणपुरा निवासी बच्चा मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी ने हमारी फरियाद को सुनकर तत्काल सुनवाई करते हुए हमे न्याय दिलवाया इसके लिए हम उनके आभारी हैं।

Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..