Breaking News
Home / ग़ाज़ीपुर / सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने डीआरएम को लिखा पत्र, नंदगंज रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग

सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने डीआरएम को लिखा पत्र, नंदगंज रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग

गाजीपुर। जनपद के नंदगंज क्षेत्र के  रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर की उम्मीद जगी है। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने नंदगंज रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर 1 जून 2026 को पत्रांक संख्या 10982 के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी को पत्र भेजा है। अपने पत्र में सांसद ने जनहित को ध्यान में रखते हुए नंदगंज रेलवे स्टेशन पर तीन प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। इनमें ट्रेन संख्या 14611/14612 एसएमवीडीके एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 22419/22420 सुहेलदेव एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 11061/11062 पवन एक्सप्रेस शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि नंदगंज एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी रेल यात्रा पर निर्भर है। इसके बावजूद यहां से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए प्रायः गाजीपुर अथवा अन्य बड़े स्टेशनों तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी होती है। नंदगंज क्षेत्र के लोगों की यह मांग काफी लंबे समय से चली आ रही है। क्षेत्रीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा समय-समय पर रेलवे प्रशासन से ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई जाती रही है। सांसद डॉ. संगीता बलवंत द्वारा इस संबंध में सीधे डीआरएम वाराणसी को पत्र लिखे जाने के बाद क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद का संचार हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एसएमवीडीके एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस और पवन एक्सप्रेस का ठहराव नंदगंज रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित हो जाता है तो नंदगंज और आसपास के क्षेत्रों  के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा तीर्थ यात्रियों को विशेष लाभ प्राप्त होगा। क्षेत्रीय नागरिकों ने सांसद के इस प्रयास का स्वागत करते हुए रेलवे प्रशासन से जनहित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। अब लोगों की निगाहें रेलवे प्रशासन के आगामी निर्णय पर टिकी हैं। यदि मांग स्वीकार कर ली जाती है तो नंदगंज रेलवे स्टेशन की उपयोगिता और महत्व में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत डीएम, सीडीओ ने किया मेडिकल कालेज में पौधरोपण  

गाजीपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून, 2026 से …