गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के समाधान हेतु पानी की टंकी, मोबाइल टावर अथवा अन्य ऊंचे स्थानों पर चढ़कर प्रशासन पर दबाव बनाने अथवा ब्लैकमेल करने का प्रयास न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के कृत्यों से किसी को न्याय नहीं दिलाया जा सकता तथा यह न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती उत्पन्न करता है, बल्कि संबंधित व्यक्ति के जीवन एवं सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद प्रशासन प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। नागरिक अपनी शिकायतों एवं समस्याओं को जनसुनवाई, तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस, सम्पूर्ण समाधान दिवस तथा अन्य निर्धारित प्रशासनिक माध्यमों से प्रस्तुत कर सकते हैं, जिनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समस्याओं के समाधान के लिए वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन आवश्यक है। किसी भी प्रकार की आत्मघाती अथवा जोखिमपूर्ण गतिविधि से बचना चाहिए। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनसामान्य से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि न्यायिक आदेशों का सम्मान और कानून का पालन करें तथा अपनी समस्याओं के समाधान हेतु निर्धारित प्रक्रियाओं का ही उपयोग करें।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..