Breaking News
Home / अपराध / ट्रेलर में पीछे से घुसी डीसीएम, चालक की मौत

ट्रेलर में पीछे से घुसी डीसीएम, चालक की मौत

गाजीपुर। कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मोईद्दीनपुर गांव के सामने रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई। यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ, जिसमें एक मालवाहक डीसीएम आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब सात बजे हुई। बिहार से माल लादकर सिद्धार्थनगर जा रही डीसीएम जब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मोईद्दीनपुर गांव के पास पहुंची, तभी वह आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और वह वाहन के भीतर ही फंस गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर कासिमाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को डीसीएम से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान आयुष कुमार (20) पुत्र मानसिंह, निवासी नगला मणि, थाना बसरेहर, जनपद इटावा के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पुलिस ने अनुमान लगाया है कि हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ होगा। हालांकि अन्य सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना के समय ट्रेलर की गति और स्थिति क्या थी तथा क्या उसमें कोई तकनीकी खामी थी। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सुरक्षा अधिकारी भरत सिंह यादव ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल मृतक के परिजनों को दे दी गई। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त डीसीएम को क्रेन की मदद से हटाया गया, जिसके चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में मार्ग को पूरी तरह सुचारु कर दिया गया। स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

[smartslider3 slider="4"]

About admin

Check Also

एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत डीएम, सीडीओ ने किया मेडिकल कालेज में पौधरोपण  

गाजीपुर। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून, 2026 से …