गाजीपुर। ई-रिक्शा और बाइक की टक्कर में युवक की मौत हो गयी। भांवरकोल थाना क्षेत्र के अवथही निवासी मृत्युंजय राय मंगलवार सुबह करीब चार बजे अपने एक मित्र के साथ बाइक से गाजीपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह गाजीपुर में ही रहते थे और किसी कार्य से अपने गांव अवथही आए हुए थे। जैसे ही उनकी बाइक राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर कुंडेसर के पास पहुंची, सामने से आ रहे ई-रिक्शा से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मृत्युंजय राय गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पीछे बैठा उनका मित्र भी घायल हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस द्वारा गाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्युंजय राय ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।ग्रामीणों ने बताया कि मृत्युंजय राय अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। पिता कमलेश राय श्रीलंका में नौकरी करते हैं और चार दिन पहले ही छुट्टी बिताकर वापस श्रीलंका गए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत रवाना हो गए हैं। वहीं मां लालीमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा फरार ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..