गाज़ीपुर। गोपीनाथ पीजी कॉलेज बहादुरगंज में आज भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने वैज्ञानिक कौशल और नवीन सोच का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी का आयोजन बीएससी व एम.एस-सी के छात्र छात्राओं द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त बीए, बी.काम व एम.ए के छात्रों द्वारा हैंडीक्राफ्ट की प्रदर्शनी भी लगायी गयी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विनोद कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल युनिवर्सिटी जौनपुर व भारतीय सुहेलदेव समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ अरविंद राजभर उपस्थित रहे। उनके साथ ही विभिन्न महाविद्यालयों के प्रबंधकों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। छात्र-छात्राओं ने नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक प्रौद्योगिकी पर आधारित आकर्षक मॉडल और प्रयोग प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना था। मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों की सोच और प्रेरणा की सराहना करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा आज के युवा कल के भारत के भविष्य है। ग्रामीण अंचल में बच्चों की प्रतिभा देखकर निसंदेह विश्वास हो रहा है कि अपने अभिभावक और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। कहा कि ऐसे कार्यक्रम से बच्चों में सर्वांगीण विकास कि क्षमता में वृद्धि होती है। अपने संबोधन में डॉ. विनोद कुमार सिंह ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा और प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं डॉ. अरविंद ने ज्ञान के साथ उसके व्यवहारिक प्रयोग की महत्ता पर जोर दिया। प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा हाइड्रोपोनिक(मिट्टी विहीन खेती), एस 400 ब्रह्मोस मिसाइल, पावर फिल्टर कार्बन उत्सर्जन, ब्लॉक पावर हाउस, जल संचय, किडनी स्ट्रक्चर, हरित गांव प्यारा गांव, उत्सर्जन तंत्र ज्वालामुखी विभिन्न प्रदर्शनी का स्टाल लगाया गया। विद्यालय की प्राचार्या डॉ सुधा त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा छात्रों को प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए बधाई दी।

Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..