गाज़ीपुर। गोपीनाथ पीजी कालेज बहादुरगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान देवली हीरा मणि चौहान उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता गोपीनाथ विद्या ट्रस्ट के संरक्षक राकेश तिवारी ने की, जबकि साधू यादव (पूर्व ग्राम प्रधान देवली) विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे तथा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात कार्यक्रम अधिकारी द्वारा सात दिवसीय शिविर की विस्तृत आख्या प्रस्तुत की गई। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने नशा मुक्ति अभियान, साइबर सुरक्षा जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, संक्रामक रोग जागरूकता, यातायात सुरक्षा अभियान तथा नारी सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए। रैली, नुक्कड़ नाटक, वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान हीरा मणि चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करती है। अध्यक्षीय उद्बोधन में राकेश तिवारी ने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय की बीएससी छात्रा द्वारा किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..