ग़ाज़ीपुर। नंदगंज रेलवे स्टेशन के बड़े प्लेटफार्म नंबर-1 पर इन दिनों पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। प्लेटफार्म पर यात्रियों के लिए केवल एक ही हैंडपंप उपलब्ध है, जबकि दूसरा हैंडपंप खराब होने के बाद उसे ठीक कराने के बजाय जड़ से उखाड़ दिया गया है। इससे यात्रियों को पानी पीने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय यात्रियों के अनुसार पहले प्लेटफार्म नंबर-1 पर दो हैंडपंप लगे हुए थे, जिससे यात्रियों को पानी लेने में सुविधा होती थी। लेकिन एक हैंडपंप खराब होने के बाद उसे हटाए जाने से अब एकमात्र हैंडपंप पर ही सैकड़ों यात्रियों की निर्भरता रह गई है। सुबह साढ़े चार बजे से लेकर शाम तक अप साइड से तीन पैसेंजर गाड़ियां आने के कारण प्लेटफार्म पर यात्रियों की भारी भीड़ जुट जाती है। ऐसे में हैंडपंप पर लंबी कतार लग जाती है। इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ रहा है। गर्मी का मौसम नजदीक आने से समस्या और गंभीर होती जा रही है। मजबूरी में यात्रियों को बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि खराब हैंडपंप को शीघ्र ठीक कर पुनः स्थापित किया जाए अथवा अतिरिक्त पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..