गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष शाश्वत सिंह ने बताया कि आगामी 20 फरवरी 2026 से जनपद गाजीपुर के पीर नगर स्थित स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के जी.डी.सी.ए. मैदान पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा निर्धारित मानक व दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए 20-20 ओवेरों का कर्मवीर स्व० सत्यदेव सिंह इंटर-डिस्ट्रिक्ट चैंपियंस कप 2026 आरम्भ होने जा रहा है| उन्होंने बताया इस श्रृंखला में गाजीपुर की ए व बी के अतिरिक्त बलिया, जौनपुर आजमगढ़, देवरिया, मऊ एवं वाराणसी जनपद की टीम प्रतिभाग करेंगी| श्रृंखला का उद्घाटन खेल-कूद में रूचि रखने वाले सक्रिय समाजसेवी तथा जनपद के बोरसिया, फदनपुर स्थित सत्यदेव ग्रुप ऑफ़ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक व गरीबों के सरपरस्त डॉ. सानंद सिंह के कर-कमलों द्वारा होगा| उन्होंने बताया कि जी.डी.सी.ए. ग्राउंड व आयोजन समिति श्रृंखला के लिए पूरी तरह से तैयार है| गाजीपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन व उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के यू.पी. टी20 गवर्निंग कौंसिल सदस्य संजीव कुमार सिंह ने बताया कि कर्मवीर स्व० सत्यदेव सिंह इंटर-डिस्ट्रिक्ट चैंपियंस कप 2026 में केवल उन्हीं खिलाड़ियों को प्रतिभाग करने का अवसर दिया जायेगा जिन्होंने सत्र 2026-27 हेतु यू.पी.सी.ए. ट्रायल में अपना पंजीकरण कराया हो। किसी भी टीम में कोई अपंजीकृत खिलाड़ी के पाए जाने पर खिलाड़ी के साथ-साथ टीम के विरुद्ध भी न्यायसंगत कार्यवाही की जा सकती है|
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..