गाजीपुर। बिरनो ब्लॉक स्थित भड़सर क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवक प्रणव सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। उन्होंने डिफेंस स्टडीज विषय में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा में परसेंटाइल 99.80 प्राप्त कर जूनियर रिसर्च फेलोशिप में पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है। प्रणव सिंह, डॉ. राकेश सिंह के पुत्र और माधव सिंह के पौत्र हैं। परिवार के लोगों के अनुसार वे बचपन से ही पढ़ाई के प्रति बेहद गंभीर और प्रतिभाशाली रहे हैं। उनकी शुरुआती शिक्षा बलिया जनपद के रसड़ा क्षेत्र से हुई, जहां उन्होंने अपनी शैक्षणिक नींव मजबूत की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय का रुख किया और वहीं से डिफेंस स्टडीज विषय में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। शिक्षा के प्रति समर्पण और निरंतर मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। प्रणव के भाई और समाजसेवी मनीष सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रणव की मेहनत और लगन क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। परिवार के अनुसार प्रणव को शिक्षा और समाज सेवा की प्रेरणा अपने परिवार से ही मिली है। उनके दादा क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सक रहे हैं, जिनकी समाज में विशेष पहचान रही है। प्रणव की सफलता के बाद घर पर लगातार बधाई देने वालों का आना-जाना लगा हुआ है और लोग मिठाई बांटकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। क्षेत्र के शिक्षाविदों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस उपलब्धि को सराहते हुए कहा कि प्रणव सिंह की सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो किसी भी पृष्ठभूमि से आने वाला युवा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है।

Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..