गाजीपुर। सरकारी अफीम एवं अल्कलॉइड वर्क्स, गाजीपुर का 205वाँ स्थापना दिवस 05 दिसम्बर 2025 को अत्यंत गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। यह ऐतिहासिक संस्था वर्ष 1820 में स्थापित हुई थी और तब से लेकर आज तक देश की महत्त्वपूर्ण आवश्यकताओं को पूरा करते हुए अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रही है। 205 वर्षों की इस उपलब्धियों भरी यात्रा ने संस्था को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक विशेष पहचान प्रदान की है। समारोह के मुख्य अतिथि चीफ़ कंट्रोलर ऑफ़ द फ़ैक्ट्रीज़ सतेन्द्र माथुरिया थे। उन्होंने अपने उद्बोधन में संस्था के इतिहास, इसकी उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि का यह प्रेरक संबोधन समारोह का केन्द्र बिन्दु रहा और पूरे परिसर में एक ऊर्जावान वातावरण उत्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता फैक्ट्री के महाप्रबंधक दौलत कुमार ने की। उन्होंने मुख्य अतिथि सहित सभी आमंत्रित अतिथियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया और संस्था की निरंतर प्रगति में सभी के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य आकर्षक गतिविधियाँ आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण समारोह भी हुआ, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। समारोह अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के संचालक पंकज कुमार श्रीवास्तव, वर्क्स इंजीनियर ने अपनी प्रभावशाली मंच संचालन शैली से पूरे कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया और उपस्थित जनों की भरपूर सराहना प्राप्त की। इस अवसर पर फैक्ट्री के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें विशेष रूप से टीपू सुल्तान अजहर, मैनेजर, संजय कुमार यादव, ALWC, चन्दन हरिजन, STO का उल्लेखनीय योगदान रहा। 205 वर्षों के इस गौरवपूर्ण सफर के साथ मनाया गया यह स्थापना दिवस सभी के लिए प्रेरणादायी सिद्ध हुआ और फैक्ट्री परिवार में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार कर गया।
Ghazipur Khabar जोड़े आपको ग़ाज़ीपुर से..